नई धानमंडी परिसर की झाड़ियों में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड आग पर काबू पाने का कर रही प्रयास

श्रीगंगानगर के श्रीकरणपुर में नई धानमंडी यार्ड परिसर में खाली पड़े बड़े भू-भाग में उगी झाड़ियों में आज सुबह अचानक आग भड़क उठी जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। अचानक आग की लपटें उठते देख धानमंडी काम कर रहे व्यापारियों एंव मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के कारण झाड़ियों से लपटों के साथ घना धुआँ उठने लगा जिससे आसपास काम कर रहे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों राजेन्द्र सिंह व मदन कम्बोज के साथ धानमंडी तौला-मजदूर यूनियन के पूर्व अध्यक्ष सुरेन्द्र ईटकाण ने तुरंत आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिये। गनीमत रही की आग से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
लोगों के अनुसार खाली पड़ी जगह पर उगी झाड़ियों में आग भड़क उठी थी। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है लेकिन झाड़ियों में किसी तरह आज तेज चल रही हवाओं के कारण कहीं से कोई चिंगारी गिरने से आग लगने की संभावना जताई जा रही है।
घटना के बाद व्यापारियों व मजदूरों ने कृषि उपज मंडी समिति प्रशासन से नई धानमंडी परिसर के खाली पड़े भू-भाग में उगी झाड़ियों का नियमित रूप से निस्तारण और साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर करने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।