रेल ट्रैक पर युवक का शव मिलने से परिवार में कोहराम, शव को पैतृक गांव लाने के प्रयास जारी

फिरोजाबाद। थाना रजावली क्षेत्र के गांव खेरा लंगर निवासी 28 वर्षीय युवक का हैदराबाद में रेल ट्रैक पर शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। घटना की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और मृतक के घर पर मातम का माहौल बन गया।
मृतक के पिता बबलू के अनुसार चंदा बाबू पुत्र बबलू निवासी गांव खेरा लंगर पिछले करीब 6 वर्षों से हैदराबाद में रहकर कटिंग का कार्य करते थे और वहीं से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। चंदा बाबू अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बेटों को छोड़ गए हैं, जिनकी उम्र लगभग 5 वर्ष और 3 वर्ष बताई गई है।
परिजनों ने बताया कि गुरुवार की शाम करीब 6 बजे हैदराबाद में रहने वाले चंदा बाबू के पड़ोसी के माध्यम से उन्हें सूचना मिली कि उनका शव रेल ट्रैक पर पड़ा हुआ है। यह सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजन स्तब्ध रह गए।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग भी मृतक के घर पहुंचने लगे। घर के बाहर परिजन और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। महिलाएं और बच्चे रो-रोकर बेहाल नजर आए, जिससे पूरे गांव में गम का माहौल बना हुआ है।