यूपी एसआई परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए प्रयागराज मंडल ने चलाई एग्जाम स्पेशल ट्रेनें

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल द्वारा 14 मार्च को आयोजित उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (यूपी एसआई) भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए गए। बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के आवागमन को देखते हुए मंडल प्रशासन ने आवश्यकतानुसार एग्जाम स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया, ताकि अभ्यर्थियों को अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के निर्देशन में संपूर्ण व्यवस्था को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया गया। प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन तथा अन्य प्रमुख स्टेशनों पर परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर और प्रवेश-निकास द्वारों पर विशेष व्यवस्थाएं की गईं।

इसके साथ ही मंडल स्तर पर स्थापित वार रूम से प्रमुख स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी गई। अधिकारियों द्वारा भीड़ की स्थिति, यात्रियों की आवाजाही तथा प्लेटफॉर्म की व्यवस्था का निरंतर अवलोकन किया जाता रहा, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर तुरंत आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

चलाई गई एग्जाम स्पेशल ट्रेन

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए कानपुर सेंट्रल से प्रयागराज जंक्शन के बीच एग्जाम स्पेशल ट्रेन चलाई गई। यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल से 13:50 बजे प्रस्थान कर प्रयागराज के लिए रवाना हुई, जिसमें कुल 22 कोच लगाए गए थे। इसके अतिरिक्त दूसरी एग्जाम स्पेशल ट्रेन को कानपुर सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-4 पर शाम 18:00 बजे प्लेस किया गया, ताकि जरूरत के अनुसार अभ्यर्थियों को अतिरिक्त यात्रा सुविधा मिल सके।

सुरक्षा और मार्गदर्शन के विशेष इंतजाम

परीक्षार्थियों की सुरक्षा और सहायता सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) तथा राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के जवानों को प्रमुख स्टेशनों और ट्रेनों में तैनात किया गया। इसके अलावा वाणिज्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा स्टेशन परिसर में अभ्यर्थियों का मार्गदर्शन किया गया और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई।

टिकट जांच स्टाफ और हेल्प डेस्क कर्मियों द्वारा भी परीक्षार्थियों को प्लेटफॉर्म, ट्रेन समय और अन्य आवश्यक सूचनाएं लगातार दी जाती रहीं।

भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त व्यवस्था

स्टेशन परिसर में भीड़ नियंत्रण और व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई। यात्रियों को कतारबद्ध तरीके से प्रवेश और निकास के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को लगातार आवश्यक सूचनाएं दी जाती रहीं, जिससे प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ न लगे और यातायात सुचारु बना रहे।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि परीक्षाओं जैसे महत्वपूर्ण अवसरों पर अभ्यर्थियों को बेहतर यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। एग्जाम स्पेशल ट्रेनों के संचालन से अभ्यर्थियों को समय पर अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में बड़ी राहत मिली और वे बिना किसी तनाव के परीक्षा में शामिल हो सके।

यह जानकारी प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह द्वारा दी गई।