प्रयागराज मंडल में दिव्यांग कर्मचारियों हेतु प्रशिक्षण एवं जागरूकता महासम्मेलन आयोजित

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल सभागार में 14 मार्च को डियर एसोसिएशन (रेलवे दिव्यांग कर्मचारी संघ) की ओर से दिव्यांग प्रशिक्षण एवं जागरूकता महासम्मेलन?2026 का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य रेलवे में कार्यरत दिव्यांग कर्मचारियों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों तथा उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक करना और उन्हें बेहतर प्रशिक्षण प्रदान करना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी मुदित चन्द्रा उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि रेलवे प्रशासन दिव्यांग कर्मचारियों के कल्याण और उनके कौशल विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि दिव्यांग कर्मचारियों के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं और आगामी 3 दिसंबर, विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर भी एक विशेष कार्यशाला आयोजित की जाएगी, जिसमें उन्हें विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी, प्रयागराज वैभव गुप्ता ने कहा कि दिव्यांग कर्मचारियों को सशक्त बनाने और उनकी कार्यक्षमता को बढ़ाने के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि वे अपने दायित्वों का निर्वहन अधिक प्रभावी ढंग से कर सकें।

कार्यक्रम में निजी सचिव-I/अपर महाप्रबंधक अवधेश यादव, वित्त सलाहकार राधेश्याम, डियर के अध्यक्ष अशोक यादव, महासचिव मुकेश गुप्ता, सचिव (नई दिल्ली) पंकज, जोनल अध्यक्ष उमेश पटेल, जोनल उपाध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी, मंडल अध्यक्ष प्रयागराज संतु कुमार सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं रेलवे कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन नीरज त्रिवेदी द्वारा किया गया, जबकि डियर सदस्य अनिल गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की समस्त व्यवस्थाएं जोनल सचिव श्री रविकुमार चौधरी द्वारा सुनिश्चित की गईं।

इस महासम्मेलन के माध्यम से दिव्यांग कर्मचारियों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और कार्यक्षेत्र में उपलब्ध अवसरों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया।