अजमेर मंडल ने रचा नया इतिहास, एक दिन में दर्ज की अब तक की सर्वश्रेष्ठ माल लोडिंग

अजमेर मंडल ने रचा नया इतिहास, एक दिन में दर्ज की अब तक की सर्वश्रेष्ठ माल लोडिंग

उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल ने माल परिवहन के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल करते हुए इतिहास रच दिया है। मंडल ने 13 मार्च को एक दिन में 0.0571 मिलियन टन माल लोडिंग दर्ज कर अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड बनाया है। इस उपलब्धि के साथ अजमेर मंडल ने पूर्व के सभी रिकॉर्ड पीछे छोड़ते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव ने बताया कि 13 मार्च को कुल 847 वैगनों के माध्यम से 0.0571 मिलियन टन माल की लोडिंग की गई, जो मंडल के इतिहास में एक दिन में की गई सर्वाधिक लोडिंग है। इससे पहले 26 दिसंबर 2022 को 0.055 मिलियन टन लोडिंग का रिकॉर्ड बना था, जिसे अब पार कर लिया गया है।

वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक भारती भारद्वाज के निर्देशन में मंडल लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। मार्च माह के पहले 13 दिनों (1 से 13 मार्च) के दौरान अजमेर मंडल ने कुल 0.4587 मिलियन टन माल लोडिंग दर्ज की है। वहीं चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 (1 अप्रैल 2025 से 13 मार्च 2026) के दौरान मंडल की कुल संचयी लोडिंग 9.563 मिलियन टन तक पहुँच गई है।

उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अजमेर मंडल इस समय उत्तर पश्चिम रेलवे के चारों मंडलों में प्रथम स्थान पर बना हुआ है। मंडलों की लोडिंग स्थिति के अनुसार अजमेर मंडल 9.563 मिलियन टन के साथ शीर्ष पर है, जबकि जयपुर मंडल 9.4807 मिलियन टन, जोधपुर मंडल 6.347 मिलियन टन और बीकानेर मंडल 3.1805 मिलियन टन लोडिंग के साथ क्रमशः दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर हैं। इस प्रकार उत्तर पश्चिम रेलवे जोन की कुल लोडिंग 28.569 मिलियन टन दर्ज की गई है।

मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि बेहतर समन्वय, कुशल प्रबंधन और कर्मचारियों की टीम भावना के कारण ही अजमेर मंडल लगातार सफलता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भी मंडल इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करता रहेगा और नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।