अजमेर मंडल में 44 उत्कृष्ट महिला कर्मियों को किया गया सम्मानित

अजमेर मंडल में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली 44 महिला कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह 12 मार्च 2026 को रेलवे अधिकारियों के क्लब, कचहरी रोड, अजमेर में आयोजित किया गया, जिसमें समूह ?सी? और ?डी? श्रेणी की महिला कर्मियों को उनके सराहनीय कार्य के लिए पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

इस अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन, अजमेर मंडल की अध्यक्षा रिंकल भूतड़ा ने सभी चयनित महिला कर्मियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में संगठन की सचिव श्रीमती ज्योति उशाहरा तथा कोषाध्यक्ष सुषमा कुमारी सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त सहायक कार्मिक अधिकारी वंदना चौबे तथा अन्य रेल अधिकारी और कर्मचारी भी समारोह में मौजूद रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रिंकल भूतड़ा ने कहा कि समूह ?सी? और ?डी? की महिला कर्मी रेलवे संगठन की मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी इन महिलाओं का समर्पण, परिश्रम और कार्यकुशलता पूरे संगठन के लिए प्रेरणादायक है।

उन्होंने बताया कि इस सम्मान समारोह का मुख्य उद्देश्य कार्यस्थल पर महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करना तथा उनके द्वारा किए जा रहे महत्वपूर्ण योगदान को पहचान और सम्मान देना है।

इस अवसर पर पटरी अनुरक्षक, स्टेशन प्रबंधक, तकनीशियन, लोको पायलट, आरक्षक, नर्सिंग स्टाफ, कार्यालय अधीक्षक सहित विभिन्न पदों पर कार्यरत महिला कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने सम्मानित महिला कर्मियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।