अजमेर मंडल में 52.70 किलोमीटर ट्रैक का नवीनीकरण, रेल संरक्षा को मिला बल

अजमेर मंडल में 52.70 किलोमीटर ट्रैक का नवीनीकरण, रेल संरक्षा को मिला बल

अजमेर। अजमेर रेल मंडल प्रशासन के लिए रेल संरक्षा सदैव सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। इसी क्रम में सुरक्षित और सुचारु रेल संचालन सुनिश्चित करने तथा रेलवे अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मंडल द्वारा 52.70 किलोमीटर रेल ट्रैक के नवीनीकरण (ट्रैक रिन्यूअल) का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया है।

ट्रैक नवीनीकरण के तहत पुराने और घिसे हुए रेल पटरियों को बदलकर नई पटरियां बिछाई गई हैं। इससे ट्रेन संचालन की सुरक्षा में उल्लेखनीय सुधार होता है और पटरी टूटने जैसी घटनाओं की संभावना कम हो जाती है।

नए ट्रैक बिछने के बाद ट्रेनों की गति सीमा बढ़ाने में भी सहायता मिलती है, जिससे यात्रियों के यात्रा समय में कमी आती है। साथ ही ट्रैक के बेहतर रखरखाव से ट्रेनों का परिचालन अधिक सुगम और स्थिर हो जाता है, जिससे यात्रियों को यात्रा के दौरान कम झटके महसूस होते हैं और सफर अधिक आरामदायक बनता है।

ट्रैक नवीनीकरण कार्य में आधुनिक मशीनों जैसे पीक्यूआरएस (प्लास्सर क्विक रिलेइंग सिस्टम) का उपयोग किया गया, जिससे कम समय में अधिक सटीकता और गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा किया जा सका।

अजमेर मंडल का यह प्रयास रेल संरक्षा को और मजबूत बनाने तथा यात्रियों को सुरक्षित, तेज और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।