मुरादाबाद शहर में गैस की कोई कमी नहीं जिला अधिकारी अनुज कुमार सिंह

मुरादाबाद। जिला प्रशासन ने शहर में रसोई गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर पूरी तरह विराम लगाने की कोशिश की है। जिलाधिकारी अनुज सिंह ने स्पष्ट रूप से कहा है कि जनपद में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और सभी एजेंसियों के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।

जिलाधिकारी ने बताया कि कुछ स्थानों पर गैस की कमी को लेकर भ्रामक सूचनाएं फैल रही थीं, जिससे लोगों में अनावश्यक घबराहट का माहौल बन रहा था। प्रशासन ने रसोई गैस की आपूर्ति की समीक्षा की है और पाया है कि जनपद में गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।

जिलाधिकारी ने कहा कि कालाबाजारी रोकने के लिए विशेष टीम सक्रिय है और गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे उपभोक्ताओं तक समय पर सिलेंडर पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि यदि कहीं भी कालाबाजारी या अवैध भंडारण की शिकायत मिलती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर का अतिरिक्त स्टॉक न करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन गैस आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए हुए है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध हों।

इस बीच, गैस एजेंसियों ने भी उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया है कि उनके पास पर्याप्त स्टॉक है और वे नियमित रूप से गैस सिलेंडर की आपूर्ति कर रहे हैं।