मुरादाबाद बकाया टैक्स पर नगर निगम की ताबड़तोड़ कार्रवाई बुध बाजार सुपर मार्केट की कई दुकानों पर लगी सील

मुरादाबाद बकाया टैक्स पर नगर निगम की ताबड़तोड़ कार्रवाई बुध बाजार सुपर मार्केट की कई दुकानों पर लगी सील

मुरादाबाद के सदर कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बुध बाजार सुपर मार्केट में गुरुवार सुबह नगर निगम की टीम ने बकाया टैक्स को लेकर ताबड़तोड़ कार्रवाई की। नगर निगम प्रशासन ने सुपर मार्केट के सेकेंड फ्लोर पर स्थित मोबाइल की दुकानों समेत करीब आधा दर्जन दुकानों को सील कर दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से व्यापारियों में हड़कंप मच गया जानकारी के अनुसार नगर निगम की टीम सुबह तड़के ही बुध बाजार सुपर मार्केट पहुंची और जिन दुकानों पर नगर निगम का टैक्स बकाया था, उन्हें चिन्हित कर सीलिंग की कार्रवाई कर दी जब व्यापारी अपनी दुकानें खोलने के लिए बाजार पहुंचे तो उन्होंने दुकानों पर नगर निगम की सील लगी देखी जिससे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

कार्रवाई की जानकारी मिलते ही कई व्यापारी एकत्र होकर नगर निगम कार्यालय पहुंच गए और अपने-अपने बकाया टैक्स को जमा करना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि जिन व्यापारियों ने अपना बकाया टैक्स जमा कर दिया है, उनकी दुकानों की सील भी नगर निगम प्रशासन द्वारा हटाई जा रही हैं।

नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने बताया कि नगर निगम द्वारा करदाताओं को लंबे समय तक टैक्स जमा करने के लिए छूट और अवसर दिया गया था। 31 दिसंबर तक बिल जारी कर दिए गए थे लेकिन इसके बावजूद कई व्यापारियों ने अपना बकाया टैक्स जमा नहीं किया। इसी कारण नगर निगम की टीम को कार्रवाई करनी पड़ी।

नगर आयुक्त ने कहा कि जिन व्यापारियों पर नगर निगम का टैक्स बकाया है उनके खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी हालांकि जो व्यापारी अपना बकाया टैक्स जमा कर देंगे उनकी दुकानों से सील हटा दी जाएगी फिलहाल बड़ी संख्या में व्यापारी नगर निगम कार्यालय पहुंचकर अपना बकाया टैक्स जमा कर रहे हैं।