हरदोई में एसटीएफ और शाहाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 13 साल से फरार 50 हजार का इनामिया गिरफ्तार, आंझी रेलवे स्टेशन से संयुक्त टीम ने पकड़ा

हरदोई। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हरदोई पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन में थाना शाहाबाद पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की संयुक्त टीम ने 13 वर्षों से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान विपिन सिंह उर्फ राजू पुत्र विनोद कुमार सिंह निवासी मोहल्ला खेड़ा अजमत खां, कस्बा व थाना शाहाबाद जनपद हरदोई के रूप में हुई है। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस महानिरीक्षक, लखनऊ परिक्षेत्र द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वांछित आरोपी क्षेत्र में देखा गया है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए एसटीएफ कानपुर नगर की टीम और थाना शाहाबाद पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को आंझी रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया।
एएसपी सर्किल शाहाबाद आलोक राज नारायण ने बताया कि संयुक्त टीम द्वारा नामजद वांछित आरोपी विपिन सिंह उर्फ राजू को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी तलाश लगातार की जा रही थी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।