सड़क हादसे में युवक की मौत पर ग्रामीणों का हंगामा, शव रखकर लगाया जाम, हरदोई में कार्रवाई के आश्वासन पर खुला मार्ग

हरदोई। जिले के कोतवाली बेनीगंज क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल युवक की मौत के बाद मंगलवार को परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। घटना बेनीगंज के दुर्घटिया मोड़ की है, जहां परिजनों ने हादसे में शामिल ट्रैक्टर और उसके चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
ग्रामीणों का कहना था कि जब तक आरोपी ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, तब तक जाम नहीं हटाया जाएगा। मौके पर स्थिति को देखते हुए स्थानीय पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। बाद में क्षेत्राधिकारी (सीओ) हरियावां अजीत चौहान के कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजनों ने जाम समाप्त कर दिया।
सीओ अजीत चौहान ने बताया कि 7 मार्च 2026 की रात करीब 10 बजे छोटे पुत्र सुक्खा ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनका पुत्र मोहित पिपरी से बेनीगंज जा रहा था। इसी दौरान गांव के ही ट्रैक्टर चालक भन्नू ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल मोहित को पहले स्थानीय स्तर पर उपचार दिलाया गया, बाद में उसकी हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ के केजीएमयू अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान 9 मार्च 2026 को मोहित की मौत हो गई।
मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। मंगलवार को उन्होंने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। पुलिस के समझाने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाने के बाद परिजनों ने जाम हटा दिया।
पुलिस के अनुसार मामले में पहले ही संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा चुका है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।