रेलवे महिला कर्मचारी क्रिकेट मैच,जोधपुर मंडल की हुई जीत

रेलवे महिला कर्मचारी क्रिकेट मैच,जोधपुर मंडल की हुई जीत

डीआरएम की पहल पर रेलवे स्टेडियम में हुआ महिला मैत्री क्रिकेट मैच,मंडल टीम ने वर्कशॉप को हराया

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी की पहल पर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में रेलवे स्टेडियम में महिला कर्मचारियों के बीच सोमवार को मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। इसमें जोधपुर मंडल कार्यालय की टीम ने जोधपुर रेलवे कारखाना टीम को 7 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।

दूधिया रोशनी में खेले गए मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए जोधपुर रेलवे कारखाना की टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 47 रन बनाए और मंडल कार्यालय की टीम को 48 रन का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए मंडल कार्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 49 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने महिलाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि महिला कर्मचारियों के लिए आगे भी खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा,ताकि उनमें खेल भावना और आत्मविश्वास को बढ़ावा मिल सके।

प्रारंभ में महिला कल्याण संगठन की मंडल अध्यक्ष श्रीमती निष्ठा त्रिपाठी ने दोनों टीमों की महिला खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और मैच का उद्घाटन किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य कारखाना प्रबंधक रवि मीणा,मंडल खेलकूद अधिकारी विक्रम सिंह सैनी,महिला कल्याण संगठन की मंडल अध्यक्ष श्रीमती निष्ठा त्रिपाठी तथा सहायक कार्मिक अधिकारी भंवर सिंह मीणा,कर्मचारी कल्याण निरीक्षक अनिल चानना व प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया