रेलवे बोर्ड स्तर पर सम्मानित हुईं जोधपुर की दीक्षा ओझा

रेलवे बोर्ड स्तर पर सम्मानित हुईं जोधपुर की दीक्षा ओझा

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर नई दिल्ली में मिला उत्कृष्ट महिला रेलकर्मचारी पुरस्कार,

उत्तर पश्चिम रेलवे जोन से एकमात्र चयन

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में कार्यरत रिजर्वेशन सुपरवाइजर दीक्षा ओझा को रेलवे बोर्ड स्तर पर उत्कृष्ट महिला रेलकर्मचारी पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि रेलवे महिला कल्याण संगठन की ओर से रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित नेशनल रेल म्यूजियम ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार ने ओझा को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया।

इस कार्यक्रम में भारतीय रेलवे की विभिन्न इकाइयों से चयनित 31 महिला कर्मचारियों को सीआरबी द्वारा सम्मानित किया गया। इनमें दीक्षा ओझा उत्तर पश्चिम रेलवे जोन से यह सम्मान प्राप्त करने वाली एकमात्र महिला कर्मचारी रहीं।

पुरस्कार प्राप्त कर जोधपुर लौटने पर सोमवार को जोधपुर रेलवे स्टेशन पर कर्मचारियों एवं मान्यता प्राप्त कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर सहकर्मियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनकी उपलब्धि को जोधपुर मंडल और उत्तर पश्चिम रेलवे के लिए गौरवपूर्ण बताया।