अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कार्यशाला जोधपुर में विविध कार्यक्रमों का आयोजन

जोधपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में कार्यशाला जोधपुर में 06 से 09 मार्च तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं के अधिकारों, सम्मान तथा समाज में उनके महत्वपूर्ण योगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य कारखाना प्रबंधक रवि मीणा के मुख्य आतिथ्य में दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. उषा बासना, अधिवक्ता सुरभि जोशी, सुरभि हर्ष, उप मुख्य कार्मिक अधिकारी डॉ. सुनीता चौधरी तथा यूनियन पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान उच्च न्यायालय की अधिवक्ता द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हुए कार्यस्थल पर महिलाओं के साथ होने वाले उत्पीड़न की रोकथाम से संबंधित महिला उत्पीड़न (रोकथाम, प्रतिषेध एवं निवारण) अधिनियम, 2013 के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा शिक्षा के महत्व को समझते हुए समाज में समान अधिकारों के लिए आगे आने का आह्वान किया गया।

चार दिवसीय कार्यक्रमों के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, प्रश्नोत्तरी, नृत्य, रंगोली, गायन, कविताओं सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विशेष रूप से कार्यशाला जोधपुर में पहली बार महिला क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कार्यशाला की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके साथ ही महिला जागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियाँ भी आयोजित की गईं।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्य कारखाना प्रबंधक रवि मीणा ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया तथा उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम का समापन उप मुख्य कार्मिक अधिकारी डॉ. सुनीता चौधरी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।