दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 09 मार्च को मंगल मंडप मोतीबाग में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के योगदान, उपलब्धियों एवं उनके सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि डॉ. निर्मला गुप्ता, अध्यक्षा सेक्रो, नागपुर द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। अपने उद्घाटन संबोधन में उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं की सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक और राजनीतिक उपलब्धियों का उत्सव है। वर्ष 2026 के लिए निर्धारित थीम ?देना ही पाना ? GIVE TO GAIN? महिलाओं के उत्थान, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं विकास के लिए संसाधन, समय, ज्ञान और सहयोग प्रदान करने के महत्व को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि जब समाज महिलाओं के विकास के लिए योगदान देता है, तो उसका लाभ पूरे समाज को मिलता है।

कार्यक्रम की आमंत्रित मुख्य वक्ता डॉ. चिन्मयी निमखेड़कर सहायक प्राध्यापिका, डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर विधि महाविद्यालय, नागपुर ने अपने व्याख्यान में कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं की उपलब्धियों का सम्मान करने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने बताया कि यह दिवस महिलाओं के बीच पारस्परिक सहयोग, समर्थन और संसाधनों के साझा उपयोग की भावना को सुदृढ़ करता है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं प्रगति करती हैं, तो पूरा समाज विकास की दिशा में आगे बढ़ता है।

इस अवसर पर डॉ. निर्मला गुप्ता, अध्यक्षा सेक्रो, नागपुर द्वारा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल की 20 महिला कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में नागपुर मंडल के अधिकारीगण उदय कुमार भारती वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी, सुनील कुमार वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (डीजल)मोतीबाग तथा राजेश प्रसाद सहायक कार्मिक अधिकारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन स्वेता एच.के. छोरिया मंडल कार्मिक अधिकारी नागपुर द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।