हरदोई में अनियंत्रित ऑटो पेड़ से टकराया, वृद्ध महिला की मौत, छह घायल, चालक को झपकी आने से हुआ हादसा

हरदोई। हरदोई-पिहानी मार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोतवाली देहात क्षेत्र के भूरा टीकुर गांव के पास एक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराया। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि चालक समेत छह लोग घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि ऑटो में कुल सात लोग सवार थे और वह हरदोई से पिहानी की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में चालक को अचानक झपकी आ गई, जिससे ऑटो का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज रफ्तार में सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो में सवार सभी लोग घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को ऑटो से बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए मेडिकल कॉलेज हरदोई पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया। उपचार के दौरान एक वृद्ध महिला को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली देहात पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। कोतवाल हरिनाथ यादव ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मृत महिला की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि भूरा टीकुर के पास अनियंत्रित ऑटो पेड़ से टकरा गया, जिसमें सात लोग सवार थे। हादसे में एक अज्ञात वृद्ध महिला की मौत हो गई, जबकि चालक समेत छह लोग घायल हैं। घायलों का उपचार जारी है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।