हरदोई में रंग खेलकर नदी में नहाने गए किसान की डूबकर मौत, 20 घंटे बाद मिला शव, गांव में शोक

हरदोई। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के उधरनपुर गांव में होली के दिन नदी में नहाने गए एक किसान की डूबकर मौत हो गई। करीब 20 घंटे की तलाश के बाद गुरुवार को गोताखोरों ने नदी से उसका शव बरामद किया। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार उधरनपुर गांव निवासी राम सिंह (40) पुत्र रामबक्श बुधवार को होली खेलने के बाद दोपहर लगभग 2:30 बजे अपने 12 वर्षीय बेटे अनुराग के साथ गांव के पास बह रही नदी में नहाने के लिए गए थे। बताया जा रहा है कि नहाते समय अचानक राम सिंह का पैर फिसल गया और वह नदी के गहरे पानी व तेज बहाव में चले गए। देखते ही देखते वह डूबने लगे।
घटना को देखकर घबराया बेटा अनुराग तुरंत घर पहुंचा और परिजनों को पूरी जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी देर तक नदी में उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
इसके बाद गुरुवार सुबह स्थानीय गोताखोरों की मदद से फिर से तलाश अभियान शुरू किया गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद दोपहर के समय गोताखोरों ने राम सिंह का शव नदी से बरामद कर लिया।
सूचना मिलने पर शाहाबाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
राम सिंह की अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव के लोगों में भी शोक व्याप्त है।