हरदोई में होली मिलन के दौरान युवक पर कांता-भाला और तलवार से हमला, एक दर्जन से अधिक गहरे घाव, हालत गंभीर

हरदोई। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के पन्यौड़ा गांव में होली मिलन के दौरान खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने एक युवक पर कांता, भाला और तलवार जैसे धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके शरीर पर लगभग एक दर्जन गहरे घाव बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार घटना बृहस्पतिवार सुबह करीब 7:30 बजे की है। शिकायत के मुताबिक गांव निवासी सर्वेश उर्फ कल्लू होली मिलने के लिए गांव के ही राजकुमार के घर गया था। इसी दौरान आरोप है कि लालाराम, रहीश, मंशाराम, सत्यम, पंकज और मोनू वहां जबरन घर में घुस आए और सर्वेश उर्फ कल्लू पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से वहां अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलने पर राजकुमार ने तुरंत सर्वेश के परिजनों को फोन कर सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे तो सर्वेश उर्फ कल्लू गंभीर हालत में खून से लथपथ पड़ा मिला। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिलग्राम ले गए, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल हरदोई रेफर कर दिया। बाद में जिला अस्पताल से भी उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना डायल 112 पर भी दी गई थी, लेकिन परिजनों का आरोप है कि समय पर पुलिस सहायता नहीं मिल सकी। फिलहाल पीड़ित पक्ष ने बिलग्राम कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि अभी तक पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज नहीं किया है, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।