हरदोई में मेडिकल कॉलेज गेट के बाहर युवकों से मारपीट का वीडियो वायरल, पुलिस व्यवस्था पर उठे सवाल, मुर्गा बनाकर पीटा

हरदोई। शहर के मेडिकल कॉलेज परिसर के बाहर मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना एसपी कार्यालय से करीब 100 मीटर की दूरी पर होना बताई जा रही है।
वायरल वीडियो में तीन युवकों के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है। कुछ लोग उन्हें "मुर्गा" बनाकर दंड देते नजर आ रहे हैं। एक महिला भी एक युवक को चप्पलों से मारती दिख रही है, जबकि आसपास कई युवक खड़े दिखाई पड़ते हैं। वीडियो में मेडिकल कॉलेज के बाहर वार्ड एवं शल्य कक्ष का बोर्ड भी नजर आ रहा है, जिससे स्थान की पुष्टि हो रही है। पिटाई करने वाली महिला आशा बहू बताई जा रही है, जो अस्पताल गेट पर अपनी हरकतों को लेकर चर्चा में बनी रहती हैं।
वीडियो में कुछ लोग कहते सुनाई दे रहे हैं कि "इनके घरवालों को बुलाओ", वहीं एक महिला "जाने दो" कहती हुई नजर आ रही है। घटना के दौरान किसी ने पूरा वाकया मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि किसी ने कोई गलती की भी हो, तो सजा देने का अधिकार पुलिस और न्यायालय को है, न कि भीड़ को। मेडिकल कॉलेज परिसर में पुलिस चौकी और नियमित पुलिस तैनाती के बावजूद ऐसी घटना होना चर्चा का विषय बना हुआ है।
फिलहाल पुलिस की ओर से अभी तक कोई अधिकारिक बयान नहीं आया हैं।