कागारौल में छात्रों ने निकाली सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली

कागारौल। कस्बा स्थित माध्यमिक विद्यालय कागारौल प्रथम के छात्र-छात्राओं ने शनिवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीणों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय परिसर से निकाली गई रैली कस्बे के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान छात्रों ने हेलमेट व सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने का संदेश दिया।

छात्रों ने सड़क सुरक्षा से जुड़े नारे लगाए और पंपलेट वितरित कर ग्रामीणों को जागरूक किया। कस्बावासियों ने भी छात्रों के इस प्रयास की सराहना की।

प्रधानाध्यापक सत्यपाल सिंह ने बताया कि अभियान का उद्देश्य समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक ही सुरक्षित समाज का निर्माण करते हैं।