ग्राम पेड़ा में विकास कार्य ठप,टूटी सड़क और गंदगी से ग्रामीण त्रस्त, जिम्मेदार मौन

ग्राम पेड़ा में विकास कार्य ठप,टूटी सड़क और गंदगी से ग्रामीण त्रस्त, जिम्मेदार मौन


5 साल पुरानी सड़क बनी जानलेवा, इंटरलॉकिंग अधूरी छोड़ सामग्री गायब, नालियां उफान पर ? त्योहार से पहले भी नहीं जागा प्रशासन

#हरदोई
.

जनपद के ग्राम पंचायत बहर के ग्राम पेड़ा में विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। गांव की मुख्य खंजड सड़क पिछले लगभग 5 वर्षों से बदहाल स्थिति में पड़ी है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं, जिनमें हमेशा पानी भरा रहता है,जिससे ग्रामीणों को रोजाना जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव द्वारा इंटरलॉकिंग का कार्य शुरू कराया गया था, लेकिन कुछ ही दिनों में काम बंद कर दिया गया। इतना ही नहीं, गांव से ट्रॉली में भरकर ईंट और अन्य निर्माण सामग्री उठा ली गई, लेकिन उसके बाद आज तक कोई कार्य दोबारा शुरू नहीं किया गया। इससे साफ जाहिर होता है कि विकास कार्यों में भारी लापरवाही और अनियमितता बरती जा रही है।

स्थिति और भी गंभीर तब हो गई है जब होली जैसे बड़े त्योहार के नजदीक आने के बावजूद गांव में नालियों की सफाई तक नहीं कराई गई है। नालियां ऊपर से बह रही हैं और पूरे गांव में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। इससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी पूरी तरह लापरवाह बने हुए हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। प्रशासन और पंचायत की इस उदासीनता से ग्रामीणों में भारी रोष है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण, इंटरलॉकिंग और नाली सफाई का कार्य शुरू नहीं कराया गया तो वे जिला प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

यह मामला पंचायत और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब देखना यह है किप्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक कार्रवाई करता है या ग्रामीणों को इसी बदहाली में जीने के लिए मजबूर रहना पड़ेगा।