वडनगर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण: मंडल रेल प्रबंधक ने यात्री सुविधाओं एवं नई लाइन परियोजना की प्रगति की समीक्षा

वडनगर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण: मंडल रेल प्रबंधक ने यात्री सुविधाओं एवं नई लाइन परियोजना की प्रगति की समीक्षा

मंडल रेल प्रबंधक,अहमदाबाद वेद प्रकाश ने 25 फरवरी को वडनगर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रिले रूम, रूट रिले इंटरलॉकिंग (RRI), मास्टर केबिन, बुकिंग काउंटर, फुट ओवर ब्रिज, प्लेटफॉर्म एवं कैफेटेरिया सहित विभिन्न यात्री सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाया जा सके।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि वडनगर स्टेशन पर रेल डिब्बों में पानी भरने हेतु कोच वाटरिंग सिस्टम की व्यवस्था की जा रही है। इस सुविधा के शुरू होने से ट्रेनों में वडनगर स्टेशन से ही पानी भरा जा सकेगा, जिससे यात्रियों को यात्रा के दौरान पर्याप्त जल उपलब्ध हो सकेगा। इसके अतिरिक्त उन्होंने स्टेशन पर जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की तथा स्टेशन के समीप स्थित रेलवे क्रॉसिंग को चौड़ा करने की उनकी मांग पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर महेसाणा?वरेठा सेक्शन के वरेठा रेलवे स्टेशन पर अंबाजी नई लाइन परियोजना के अंतर्गत महत्वपूर्ण अवसंरचनात्मक कार्य के सफल समापन की जानकारी दी गई। यह कार्य आबूरोड?तारंगा हिल नई लाइन रेलखंड की भविष्य की कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। वरेठा स्टेशन पर मुख्य लाइन पर स्थित पुराने डेड एंड ट्रैक को हटाकर नई एलाइनमेंट पर स्थानांतरित किया गया तथा उसे नई बिछाई गई लाइन से जोड़ा गया। संशोधित यार्ड लेआउट के अनुसार नई डेड एंड लाइन की भी व्यवस्था की गई है, जिससे भविष्य में तारंगा हिल दिशा में मुख्य लाइन विस्तार का मार्ग प्रशस्त होगा।

यह समस्त कार्य दो दिवसीय ब्लॉक के दौरान सुरक्षित एवं योजनाबद्ध तरीके से संपन्न किया गया। इस दौरान रेल कटिंग, डेड एंड ट्रैक हटाना एवं शिफ्टिंग, नई लाइन से लिंकिंग, ग्लूड जॉइंट निर्माण, वेल्डिंग, बैलेस्टिंग, पैकिंग, क्रॉसओवर की मशीन टैम्पिंग तथा अन्य आवश्यक ट्रैक समायोजन कार्य किए गए। विद्युत (TRD) विभाग द्वारा ओएचई वायरिंग हटाने एवं पुनः वायरिंग, एटीडी शिफ्टिंग/कटिंग, बॉन्डिंग कार्य तथा टॉवर वैगन से निरीक्षण किया गया। टर्नआउट क्षेत्र क्लियर होने के पश्चात सिग्नल एवं दूरसंचार (S&T) विभाग द्वारा प्वाइंट परीक्षण, पुनः संयोजन एवं कमीशनिंग कार्य प्रगति पर है।

इस परियोजना से भविष्य में आबूरोड?तारंगा हिल रेलखंड की सुदृढ़ कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं अधिक सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध होगी। साथ ही अंबाजी एवं तारंगा हिल क्षेत्र के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय व्यापार एवं रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी। बेहतर यार्ड संरचना एवं तकनीकी उन्नयन से ट्रेनों के संचालन में सुगमता आएगी तथा समयपालन में भी सुधार होगा।