स्पेशल चेकिंग में ट्रेन से 100 क्वार्टर अंग्रेजी शराब बरामद, यात्री बैग छोड़कर भागा

स्पेशल चेकिंग में ट्रेन से 100 क्वार्टर अंग्रेजी शराब बरामद, यात्री बैग छोड़कर भागा

वाणिज्य निरीक्षक ने लावारिस बैग जीआरपी को सौंपा

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल पर चलाई जा रही स्पेशल चेकिंग ड्राइव के दौरान ट्रेन में अवैध रूप से ले जाई जा रही बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। शराब लेकर सफर कर रहा यात्री ट्रेन से फरार हो गया।

मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि जालोर के वाणिज्य निरीक्षक नटवर दान चारण को विशेष जांच के दौरान 22 फरवरी को जैसलमेर से रवाना हुई ट्रेन संख्या 20491 जैसलमेर-साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस के जनरल कोच में 23 फरवरी की रात रानीवाड़ा और भीलड़ी स्टेशनों के बीच एक संदिग्ध ट्रॉली बैग दिखाई दिया।

बैग के पास बैठे यात्री से पूछताछ करने पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इसी दौरान ट्रेन जब मारवाड़ रतनपुर स्टेशन के पास धीमी हुई तो वह यात्री बैग छोड़कर मौके से फरार हो गया।

इसके बाद बैग की जांच करने पर उसमें करीब 100 क्वार्टर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। वाणिज्य निरीक्षक चारण ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए बरामद शराब ट्रॉली बैग सहित जीआरपी जालोर को सुपुर्द कर दी।

सीनियर डीसीएम ने बताया कि डीआरएम अनुराग त्रिपाठी के निर्देशानुसार जोधपुर मंडल की ट्रेनों में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए इस तरह के विशेष जांच अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं और आगे भी जारी रहेंगे।