विकासोन्मुख कार्य योजना की तृतीय त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित

विकास उन्मुख कार्य योजना वर्ष 2025-26 की अनुप्रवर्तन एवं समीक्षा समिति की तृतीय त्रैमासिक बैठक जिला कलक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में सोमवार को श्रीगंगानगर के कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में सहायक जिला कलक्टर स्वाति गुप्ता, प्रबंधन निदेशक दी गंगानगर केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड संजय गर्ग सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में बैंक की हिस्सा पूंजी, रिजर्व एवं कोष, अमानत, ऋण वितरण, ऋण वसूली, निवेश, नकद एवं बैंक बैलेंस तथा लंबित प्रकरणों की बिंदुवार समीक्षा की गई। वर्ष 2025-26 के लिए निर्धारित लक्ष्यों के विरुद्ध दिसंबर 2025 तक की प्रगति पर विस्तार से चर्चा करते हुए जिला कलक्टर ने लक्ष्य प्राप्ति में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक में अवगत कराया गया कि हिस्सा पूंजी, रिजर्व फंड एवं अमानतों में संतोषजनक प्रगति दर्ज की गई है। ऋण वितरण एवं वसूली की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया गया कि पात्र कृषकों, स्वयं सहायता समूहों एवं अन्य लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से प्रदान किया जाए तथा लंबित ऋणों की प्रभावी वसूली सुनिश्चित की जाए।

जिला कलक्टर ने कहा कि बैंकिंग सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। सभी बैंक एवं विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करें।

बैठक में दी गंगानगर केन्द्रीय सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक संजय गर्ग ने बताया गया कि बैंक के हिस्सा पूंजी के लिये वर्ष 2025-26 की कुल 4425 लाख रूपये के विरूद्ध तृतीय त्रैमास दिसम्बर 2025 तक पूर्ति 4198.55 लाख रूपये है, जो आवंटित लक्ष्यों का 94.88 प्रतिशत है। इसी प्रकार रिजर्व एवं कोष में आवंटित लक्ष्यों का 99.21 प्रतिशत उपलब्धि रही। अमानतों में दिसम्बर 2025 तक 96.43 प्रतिशत की पूर्ति की गई। बैंक के ऋण वितरण में कुल लक्ष्य 130000 लाख रूपये व त्रैमास दिसम्बर 2025 तक 100110 लाख रूपये के लक्ष्य आवंटित किये गये हैं। लक्ष्यों के विरूद्ध 79.81 प्रतिशत की उपलब्धि रही। बैंक की 11 शाखाओं के पास 1335 लॉकर है, जिनमें से 947 आवंटित किये गये हैं।