हरदोई में बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

हरदोई। जनपद के पिहानी कस्बे के मोहल्ला मिश्राना में एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मोहल्ला निवासी छोटे लाल उर्फ तन्नू (पुत्र रामाधार) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है।
परिजनों का आरोप है कि किसी व्यक्ति ने जान से मारने की नीयत से इस घटना को अंजाम दिया है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी हरियावां अजीत सिंह चौहान भी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया।
घटना की वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान ने बताया कि घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हत्या, आत्महत्या और अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
मोहल्ले में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं, जबकि परिजनों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होते ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।