सुरक्षा, सतर्कता और सेवा का संगम : अहमदाबाद मंडल आरपीएफ का सराहनीय प्रदर्शन

पश्चिम रेलवे, अहमदाबाद मंडल के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान यात्रियों के जीवन, सम्मान एवं संपत्ति की सुरक्षा के लिए निरंतर सतर्क एवं प्रतिबद्ध हैं। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने जनवरी 2026 के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण तथा जन-जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते हुए कई महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल की हैं। मंडल में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने हेतु विभिन्न अभियानों के अंतर्गत निम्नलिखित कार्यवाही की गई

1. रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई: विभिन्न धाराओं के अंतर्गत 2143 प्रकरण दर्ज किए गए तथा ₹1,70,700/- का जुर्माना वसूल किया गया।

2. ऑपरेशन रेल सुरक्षा: आरपी(यूपी) अधिनियम के अंतर्गत 05 प्रकरण दर्ज किए गए। सभी मामलों का पता लगाते हुए 17 बाहरी व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।

3. ऑपरेशन यात्री सुरक्षा: यात्री सामान चोरी के 03 आरोपियों को पकड़कर जीआरपी को सुपुर्द किया गया। इसके अतिरिक्त बीएनएस की विभिन्न धाराओं में 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर जीआरपी को सौंपा गया।

4. सीसीटीवी के माध्यम से पहचान: सीसीटीवी निगरानी से यात्री सामान चोरी के 02 मामलों का सफलतापूर्वक पता लगाया गया।

5. ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते: 12 असहाय नाबालिगों तथा 04 पुरुष/महिलाओं को सुरक्षित बचाकर उनके अभिभावकों/चाइल्डलाइन/पुलिस को सुपुर्द किया गया।

6. ऑपरेशन अमानत: 41 लावारिस/गुमशुदा सामान (मूल्य ₹14,55,320/-) बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाया गया।

7. ऑपरेशन समय पालन: ट्रेनों की समयपालन व्यवस्था बेहतर बनाने हेतु विशेष अभियान चलाए गए, जिसके परिणामस्वरूप रेलवे अधिनियम की धारा 141 के अंतर्गत 181 मामले दर्ज कर 166 मामलों में कार्रवाई की गई।

8. ऑपरेशन सतर्क: ₹31,34,995/- मूल्य की अवैध शराब के 17 मामले पकड़े गए। 11 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई हेतु जीआरपी को सौंपा गया।

9. जन जागरण अभियान: पत्थरबाजी, नशाखोरी, महिला सुरक्षा, मानव तस्करी आदि विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए। बैनर, पीए सिस्टम से घोषणाएँ, ग्राम प्रधानों/सरपंचों के साथ बैठकें तथा अहमदाबाद स्टेशन पर रेलवे डिस्प्ले नेटवर्क (RDN) के माध्यम से जागरूकता वीडियो प्रदर्शित किए गए।

10. ट्रेन एस्कॉर्टिंग: प्रतिदिन औसतन 15 महत्वपूर्ण रात्रिकालीन ट्रेनों में एस्कॉर्टिंग की गई। महिला यात्रियों की सुरक्षा हेतु प्रतिदिन औसतन 03 मिश्रित (महिला एवं पुरुष स्टाफ) एस्कॉर्ट पार्टियाँ तैनात रहीं।

11. लेवल क्रॉसिंग (एलसी) गेट मामले: एलसी गेट क्षति के 09 मामले दर्ज किए गए, जिनमें सभी मामलों का पता लगाकर 09 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

12. रेल मदद: सुरक्षा से संबंधित 666 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन सभी का निस्तारण किया गया। औसत निस्तारण समय 0.08 मिनट रहा। प्राप्त 361 फीडबैक में से 339 यात्रियों ने उत्कृष्ट/संतोषजनक प्रतिक्रिया दी।

13. वारंट निष्पादन: रेलवे अधिनियम एवं आरपी(यूपी) अधिनियम के 74 वारंटों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया।

अहमदाबाद मंडल की आरपीएफ यात्रियों की सुरक्षा, संरक्षा एवं विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर सतर्कता एवं समर्पण के साथ कार्य कर रही है।