मण्डल रेल प्रबंधक कार्यालय, अहमदाबाद में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं समग्र कल्याण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पश्चिम रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय, अहमदाबाद में एक विशेष मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक, अहमदाबाद वेद प्रकाश ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कर्मचारियों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, तनाव प्रबंधन के व्यावहारिक उपायों से परिचित कराना तथा स्वस्थ कार्य?जीवन संतुलन को बढ़ावा देना अत्यंत आवश्यक है।

इस कार्यक्रम में डॉ. मनोज कुमार देव अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (मनोचिकित्सा) ने प्रजेंटेशन के माध्यम से विस्तृत एवं ज्ञानवर्धक व्याख्यान दिया। उन्होंने बताया कि मानसिक रूप से स्वस्थ व्यक्ति अपने कार्य में अधिक दक्ष होने के साथ-साथ व्यक्तिगत एवं सामाजिक जीवन में भी बेहतर संतुलन बनाए रखता है। उन्होंने अवसाद, चिंता, कार्यस्थल तनाव एवं भावनात्मक थकान जैसी सामान्य मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान, उनके प्रारंभिक लक्षणों तथा समय पर उपचार की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी।

डॉ. देव ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर खुलकर चर्चा करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि सहायता लेने में किसी प्रकार का संकोच नहीं होना चाहिए। उन्होंने सामाजिक कलंक (स्टिग्मा) को दूर करने पर जोर देते हुए मानसिक स्वास्थ्य परामर्श और उपचार को शारीरिक रोगों के उपचार जितना ही महत्वपूर्ण बताया। साथ ही कर्मचारियों को नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, पर्याप्त विश्राम, सकारात्मक सोच एवं संवाद को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की सलाह दी।

इस अवसर पर उपस्थित मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने कर्मचारियों के कल्याण के प्रति रेलवे प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं संतुलित मनोस्थिति ही उत्कृष्ट कार्य निष्पादन का आधार है। उन्होंने अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की मानसिक स्थिति के प्रति संवेदनशील रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने पर बल दिया। प्रेरक उदाहरणों के माध्यम से उन्होंने सकारात्मक सोच, संवाद एवं सहयोगात्मक कार्य संस्कृति को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मानसिक तनाव, कार्यस्थल दबाव, पारिवारिक?व्यावसायिक संतुलन एवं परामर्श सेवाओं से संबंधित प्रश्न पूछे। विशेषज्ञ द्वारा दिए गए व्यावहारिक सुझावों को प्रतिभागियों ने उपयोगी एवं मार्गदर्शक बताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोको निरीक्षक, कल्याण निरीक्षक तथा विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।

पश्चिम रेलवे द्वारा इस प्रकार के कार्यक्रम कर्मचारियों के समग्र विकास, सकारात्मक कार्य वातावरण एवं स्वस्थ कार्य संस्कृति को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हैं। रेलवे प्रशासन भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से कर्मचारियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देता है।