दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल के मोतीबाग में नवनिर्मित रेलवे इंस्टिट्यूट का भव्य उद्घाटन

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल के मोतीबाग में नवनिर्मित रेलवे इंस्टिट्यूट का भव्य उद्घाटन

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल अंतर्गत मोतीबाग स्थित नवनिर्मित रेलवे इंस्टिट्यूट का उद्घाटन 16 फरवरी को मुख्य अतिथि दीपक कुमार गुप्ता, मंडल रेल प्रबंधक एवं अध्यक्ष रेलवे इंस्टिट्यूट द्वारा विधिवत किया गया। उद्घाटन समारोह उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें गायन, रंगोली प्रतियोगिता, नृत्य प्रतियोगिता तथा फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता प्रमुख रहे। कार्यक्रम में रेलकर्मियों के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित करते हुए आकर्षक पारितोषिक प्रदान किए गए।

रेलवे इंस्टिट्यूट का मुख्य उद्देश्य रेल कर्मचारियों एवं उनके पारिवारिक सदस्यों को खेल, साहित्य एवं मनोरंजन की समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इस आधुनिक इंस्टिट्यूट में पुस्तकालय, टेबल टेनिस, शतरंज तथा बैडमिंटन कोर्ट जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं, जो कर्मचारियों के सर्वांगीण विकास एवं स्वस्थ मनोरंजन को बढ़ावा देंगी।

इस अवसर पर नागपुर मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक राजेश चिखले, मुख्य परियोजना प्रबंधक अशोक कुमार सूर्यवंशी, मुख्य कारखाना प्रबंधक विश्वलाल एन, मंडल सुरक्षा आयुक्त दीप चंद्र आर्य, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी एवं कार्यकारी अध्यक्ष रेलवे इंस्टिट्यूट्स उदय कुमार भारती सहित अन्य शाखा अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

समारोह के अंत में मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि यह इंस्टिट्यूट रेल परिवार के लिए एक सशक्त सामाजिक एवं सांस्कृतिक मंच सिद्ध होगा, जिससे कर्मचारियों एवं उनके परिजनों के बीच आपसी सहयोग, सहभागिता एवं रचनात्मक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।