नागपुर मंडल में संरक्षा, सिग्नलिंग आधुनिकीकरण एवं यात्री सुविधाओं का व्यापक विस्तार

नागपुर मंडल में संरक्षा, सिग्नलिंग आधुनिकीकरण एवं यात्री सुविधाओं का व्यापक विस्तार

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में आधारभूत संरचना सुदृढ़ीकरण, सिग्नलिंग प्रणाली के आधुनिकीकरण तथा यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन में हाल के महीनों में अनेक महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किए गए हैं, जिनसे न केवल रेल परिचालन क्षमता में वृद्धि हुई है, बल्कि संरक्षा एवं यात्री सुविधा स्तर में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

तीसरी लाइन विस्तार कार्य के अंतर्गत तुमसर रोड स्टेशन पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली एवं यार्ड संशोधन का कार्य 31 जनवरी को सफलतापूर्वक प्रारंभ किया गया। इस कार्य के पूर्ण होने से नागपुर दुर्ग रेल खंड की लाइन क्षमता में वृद्धि हुई है, जिससे ट्रेनों का संचालन अधिक सुगम, सुरक्षित एवं समयबद्ध हो सकेगा। आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली के लागू होने से सिग्नलिंग व्यवस्था अधिक विश्वसनीय एवं त्वरित बनी है।

इसी क्रम में डोंगरगढ़ स्टेशन यार्ड में नई अतिरिक्त परिपथ लाइन (लाइन संख्या?2) के प्रावधान के अंतर्गत इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली में संशोधन कर 10 नए सिग्नल तथा 10 नई प्वाइंट मशीनें स्थापित की गईं। यह कार्य 27 दिसंबर को सफलतापूर्वक चालू किया गया। अतिरिक्त परिपथ लाइन के प्रारंभ होने से ट्रेनों की क्रॉसिंग एवं ओवरटेकिंग की सुविधा में सुधार हुआ है तथा यातायात प्रबंधन अधिक प्रभावी हुआ है।

ग्वारीघाट स्टेशन पर 12 अक्टूबर को नई टॉवर वैगन साइडिंग के प्रावधान के संबंध में इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली में आवश्यक संशोधन किया गया। इस कार्य के अंतर्गत एक नया प्वाइंट तथा दो नए सिग्नल स्थापित किए गए हैं, जिससे रखरखाव कार्यों के संचालन में सुगमता एवं संरक्षा सुनिश्चित हुई है।

यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न स्टेशनों पर काउंटर संवाद प्रणाली स्थापित की गई है जिसमें राजनांदगांव में 4, चांदफोर्ट में 3, वड्सा में 2 तथा डोंगरगढ़ में 6 पूछताछ काउंटरों पर यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे यात्रियों को स्पष्ट एवं प्रभावी संवाद सुविधा प्राप्त हो रही है।

स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने हेतु आरसीआईएल/एनजीपी द्वारा वीएसएस (डी एवं ई श्रेणी) स्टेशनों के अंतर्गत अनेक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं। इनमें बोरतलाव, पनियाजोब, जटकंहार, मुसरा, बाकल, परमालकसा, मुड़ीपार, रसमरा, गुदमा, गोबरवाही, डोंगरीबुजुर्ग तथा कन्हान रेलवे (गुड्स शेड) शामिल हैं। इन सभी स्थानों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की निगरानी भंडारा स्थित केंद्रीकृत सर्वर के माध्यम से की जा रही है, जिससे सुरक्षा तंत्र अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बना है।

स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय पहल की गई है। अगस्त 2025 में मोतीबाग स्थित पॉलीक्लिनिक में 13 काउंटरों पर कतार प्रबंधन प्रणाली स्थापित की गई। इसके अतिरिक्त अक्टूबर 2025 में छिंदवाड़ा स्टेशन, नागभीड़ तथा तुमसर रोड स्थित रेलवे स्वास्थ्य इकाइयों में भी यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे रोगियों को सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध सेवा प्रदान की जा रही है।

इसके अतिरिक्त 24 जुलाई 2025 को केवलारी रेलवे स्टेशन में मौजूदा अनारक्षित टिकट प्रणाली के साथ नई यात्री आरक्षण प्रणाली स्थापित की गई है, जिससे यात्रियों को आरक्षण संबंधी सेवाओं में और अधिक सुविधा एवं पारदर्शिता प्राप्त हो रही है।

मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने कहा कि नागपुर मंडल में संरक्षा, क्षमता वृद्धि एवं यात्री सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। आधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली, अतिरिक्त लाइनों तथा डिजिटल सुविधाओं के माध्यम से रेल सेवाओं को और अधिक सुरक्षित, सुगम एवं विश्वसनीय बनाने के लिए मंडल निरंतर प्रतिबद्ध है।