हरदोई में गौकशी के आरोपी ने पुलिस पर किया फायर, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली, बचाव में गिरने से दारोगा घायल

हरदोई। कासिमपुर थाना क्षेत्र में गौकशी के मामले में गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई। घटना में एक उपनिरीक्षक भी घायल हुए है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार 13 फरवरी 2026 को कासिमपुर थाना पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान गोगावां जोत के पास एक प्लैटिना मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक बाइक छोड़कर फरार हो गया। तलाशी लेने पर बाइक पर रखी बोरी से पशु मांस और तराजू बरामद हुआ। पशु चिकित्सक से जांच कराने पर मांस के गौमांस होने की पुष्टि हुई। इस संबंध में थाना कासिमपुर में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। उसी रात पुलिस ने गौकशी में वांछित आरोपी मूसा पुत्र रफीक निवासी रसूलपुर आंट को कलरावा पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया।
14 फरवरी की सुबह पुलिस आरोपी की निशानदेही पर गौकशी से जुड़े औजार और रस्सी बरामद कर वापस लौट रही थी। इसी दौरान बांगर मऊ रोड पर सई नदी के पास आरोपी ने अचानक उपनिरीक्षक प्रदीप सिंह की सरकारी रिवॉल्वर छीनकर उन पर फायर कर दिया। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायर किया, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई।
सीओ संडीला संतोष सिंह ने बताया कि घायल उपनिरीक्षक और आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी के खिलाफ पहले से चार मुकदमे दर्ज हैं। आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।