बिल्हौर-कटरा हाईवे पर रांग साइड में दौड़ी बस ट्रक से भिड़ी, उडे परखच्चे

बिल्हौर-कटरा हाईवे पर रांग साइड में दौड़ी बस ट्रक से भिड़ी, उडे परखच्चे

Hardoi

जनपद बिल्हौर-कटरा हाईवे पर शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सवायजपुर थाना क्षेत्र में कौशिया के पास एक तेज रफ्तार प्राइवेट बस और ट्रक में आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्राइवेट बस अत्यधिक रफ्तार में थी और रांग साइड में जाकर सामने से आ रहे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। बस में सवार कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं, हालांकि वह खतरे से बाहर हैं। बताया जाता है कि घटना के बाद बस चालक के बुलाने पर थार कार से पहुंचे कुछ लोगों ने ट्रक चालक पर दबाव बनाते हुए बस में हुए नुकसान की भरपाई के रूप में हर्जाना लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच चल रहा विवाद समाप्त हो गया और मामला शांत हो गया।

हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात शुरू कराया, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।