हरदोई में प्रेम प्रसंग में किसान की हत्या, मां-बेटे गिरफ्तार, लोकलाज के डर से वारदात को दिया था अंजाम

हरदोई। संडीला थाना क्षेत्र के मीतौ गांव में खेत पर बने छप्पर में सो रहे एक किसान की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मां-बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने लोकलाज के डर से वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार, 11 फरवरी 2026 को रंजीत पुत्र हुकुम सिंह निवासी ग्राम मीतौ ने सूचना दी कि उसके पिता हुकुम सिंह गांव के बाहर खेत में बने छप्पर में रोज की तरह सो रहे थे। सुबह जब परिजन पहुंचे तो वह चारपाई पर मृत अवस्था में मिले। उनके सिर पर चोट के निशान थे। सूचना पर स्थानीय पुलिस व अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। फील्ड यूनिट ने साक्ष्य एकत्र किए और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
इस मामले में मृतक के बेटे रंजीत की तहरीर पर थाना संडीला में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने घटना में शामिल अमन पुत्र रामकुमार और उसकी मां जमुना देवी निवासी मीतौ को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से घटना में प्रयुक्त ईंट भी बरामद की गई।
एएसपी पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि मृतक का जमुना देवी से प्रेम प्रसंग था। घटना वाले दिन अमन ने दोनों को साथ देखा और विरोध किया। इसी दौरान उसने ईंट से वार कर हुकुम सिंह की हत्या कर दी। इसके बाद दोनों शव पर रजाई डालकर घर लौट गए। पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।