राज्य कर्मचारियों ने जताया बजट का विरोध, अखिल रजस्थान राज्य कर्मचारी महासंघ ने राज्यभर में जलाई बजट की प्रतियां

राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के 8 लाख राज्य कर्मचारियों और तीन लाख संविदा कर्मचारियों की मांगों को लेकर संघर्षरत अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी महासंघ के 11 सूत्रीय माँगपत्र और 7 संकल्पों पर राज्य बजट में कोई घोषणा नहीं करने से आक्रोशित कर्मचारियों द्वारा प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन कर बजट की प्रतियां जलाई गई।

श्रीगंगानगर जिला कलेक्ट्रेट पर महासंघ के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार कलवानिया और जिला मंत्री राधेशयम यादव के नेतृव में महासंघ के घटक संगठनों से जुड़े कर्मचारी विरोधस्वरूप उपस्थित हुए और अपनी मांगों को लेकर जोरदार नारेबाजी कर प्रदर्शन किया गया और बजट की प्रतियां जलाई गई।

उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए शिक्षक नेता भूपसिंह कूकना ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों के धैर्य की परीक्षा ले रही है प्रदेश का कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर मुखर है लेकिन सरकार संवेदनहीन बनी हुई है ऐसी स्थिति में राज्य कर्मचारियों को कठोर निर्णय लेकर व्यापक आंदोलन की रणनीति तय करनी होगी।

कृषि पर्यवेक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अनिल फ़ूलभाटी और राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत के जिलाध्यक्ष राजेन्द्र टाक ने राज्य बजट में कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं करने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए बजट को कर्मचारी बर्ग के लिए निराशाजनक बताया।

इस मौके पर महासंघ के घटक संगठनों के राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन के पृथ्वीराज, मैनपाल, शिक्षक संघ शेखावत के जिला मंत्री मनोहर सिहाग, सविता कूकणा शाखाध्यक्ष, कृषि पर्यवेक्षक संघ के शाखा अध्यक्ष चरणदास नायक, कृषि स्नातक संघ के जिला सचिव कृष्ण जान्दू, शाखाध्यक्ष भूपेंद्र खैरवा, राजस्थान पंचायती राज एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष प्रमोद राजपाल, वरिष्ठ नेता इन्द्राज जाखड़, प्रांतीय नल मजदूर यूनियन के वरिष्ठ नेता कुलदीप सिंह सिधू, भाईका सहित घटक संगठनों के पदाधिकारी व सदस्य शामिल हुए।