नॉर्दन जोन इंश्योरेंस एम्पलाइज एसोसिएशन ने राष्ट्रव्यापी हड़ताल के तहत विशाल रैली निकाली, बीमाकर्मियों ने जोरदार प्रदर्शन कर निजीकरण तथा आर्थिक कुनीतियों का विरोध किया

राष्ट्रव्यापी हड़ताल के आह्वान पर आज बृहस्पतिवार को नॉर्दन जोन इंश्योरेंस एम्पलाइज एसोसिएशन श्रीगंगानगर केंद्र की दोनों शाखाओं के समस्त सदस्य पूर्णतः हड़ताल पर रहे। बीमा कर्मचारियों के इस सबसे बड़े संगठन द्वारा जवाहरनगर स्थित भारतीय जीवन बीमा निगम की शाखा प्रथम व द्वितीय के समक्ष गगनभेदी नारों के साथ जबरदस्त प्रदर्शन किया गया। इस विरोध प्रदर्शन में स्थानीय सदस्यों के साथ-साथ रायसिंहनगर, सूरतगढ़, संगरिया तथा हनुमानगढ़ शाखा के सदस्यों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लेकर एकजुटता का परिचय दिया।

प्रदर्शन के दौरान सभा को सम्बोधित करते हुए बीकानेर मंडल समिति के सह कोषाध्यक्ष कॉमरेड कृष्ण राम ने केंद्र सरकार की पूंजीवादी आर्थिक नीतियों का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि यह मजदूर- कर्मचारियों के अधिकारों, सम्मान तथा भविष्य को बचाने की एक निर्णायक लड़ाई है। सचिव कॉमरेड अजय झूथरा ने पब्लिक सेक्टर के निजीकरण के प्रयासों की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे देशहित के खिलाफ बताया। सचिव राजकुमार गोस्वामी तथा मंडल समिति सदस्य मनोज सारस्वत ने कर्मचारियों की मांगों को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि केंद्र सरकार को एलआईसी में तुरंत नई भर्ती प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए तथा बीमा क्षेत्र में 100 फीसदी एफडीआई के फैसले को अविलम्ब रद्द करना चाहिए। उन्होंने सभी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन स्कीम लागू करने, नए लेबर कोड को वापस लेने, बीमाधारकों के धन का सुरक्षित निवेश सुनिश्चित करने और सेवानिवृत्ति लाभों की रक्षा करने की पुरजोर मांग की। सभा में कॉमरेड मनोज भाटिया ने स्वरचित कविता का वाचन कर सभी में जोश भर दिया। तत्पश्चात् पदाधिकारियों व सदस्यों ने शाखा द्वितीय से शाखा प्रथम तक 'एलआईसी बचाओ देश बचाओ' विशाल रैली निकालकर अपना विरोध प्रकट किया। इस अवस पर सहित नॉर्दन जोन इंश्योरेंस एम्पलाइज एसोसिएशन के अनेक सदस्य तथा बीमाकर्मी उपस्थित थे।