हरदोई में जंगल में गेस्ट हाउस व्यापारी की हत्या, दिनदहाड़े वारदात से इलाके में सनसनी, बाइक से सुबह घर से निकले थे

हरदोई। लोनार थाना क्षेत्र में राजबहादुर महाविद्यालय के पास जंगल में गेस्ट हाउस संचालक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दिनदहाड़े हुई इस हत्या की वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। घटना थाने से करीब दो किलोमीटर दूरी पर हुई, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
मृतक की पहचान अनिल कुमार भदौरिया उर्फ नीशू सिंह (42) निवासी नकटौरा पुलिया के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार शव पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि लोनार पुलिस को शाम करीब 4 बजे सूचना मिली कि राजबहादुर महाविद्यालय के पास जंगल में एक शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी और एएसपी ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि अनिल कुमार सुबह करीब 10:30 बजे मोटरसाइकिल से घर से निकले थे, जिसके बाद उनका कोई संपर्क नहीं हो पाया। शाम को उनका शव मिलने की सूचना मिली।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य संकलित किए हैं। परिजनों ने पांच लोगों पर शक जताते हुए आरोप लगाए हैं। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घटना के खुलासे के लिए एएसपी पश्चिमी और क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में थाना पुलिस, सर्विलांस और एसओजी टीमों को लगाया गया है। उल्लेखनीय है कि दो दिनों में चार हत्याओं की घटनाओं से जिले में दहशत का माहौल बना हुआ है।