हरदोई में खेत में महिला की हत्या, सिर कुचलकर उतारा मौत के घाट, इलाके में सनसनी

हरदोई। शाहाबाद थाना क्षेत्र के अमिरता गांव में खेत पर गई एक महिला की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला प्याज़ बोने के लिए खेत पर गई थी, जहां अज्ञात हमलावरों ने सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि 45 वर्षीय श्रीदेवी पत्नी सुरेश सुबह अपने दो बच्चों के साथ खेत में प्याज़ की बुवाई के लिए गई थी। जब बच्चे घर दोपहर का खाना लेने गए। इसी दौरान बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। घटनास्थल पर टूटी हुई चूड़ियां मिलने से अंदेशा जताया जा रहा है कि महिला ने हमलावरों से बचने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों ने उसे बेरहमी से मार डाला। महिला का शव गेहूं के खेत में सिर कुचली हालत में मिला, जिससे गांव में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। कुछ ही देर में सीओ आलोक राज नारायण भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद एएसपी पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह और एसपी अशोक कुमार मीणा मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलित किए हैं।
एसपी ने बताया कि महिला के गले पर चोट के निशान है, अभी तक हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और एएसपी पश्चिमी व एएसपी शाहाबाद के नेतृत्व में तीन टीमें लगाई गई है, जल्द ही घटना का खुलासाकिया जाएगा।
जिले में लगातार हो रही हत्या की वारदातों से लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।