उत्तर पश्चिम रेलवे ने टिकट चेकिंग में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की

उत्तर पश्चिम रेलवे ने टिकट चेकिंग में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की

वर्ष 2025-26 में पिछले उच्चतम आंकडे को 50 दिन पहले किया प्राप्त

उत्तर पश्चिम रेलवे ने वर्ष 2025-26 में टिकट चेकिंग में अब तक का उच्चतम राजस्व प्राप्त किया है। यह उत्कृष्ट प्रदर्शन पिछले सभी रिकॉर्डों को पार कर गया है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया उत्तर पश्चिम रेलवे नेें टिकट चेकिंग में इस वित्त वर्ष 2025-26 में दिनांक 09.02.2026 तक टिकट चेकिंग से 63.50 करोड़ रूपए का राजस्व प्राप्त किया है जोकि पिछले वर्ष इस अवधि में प्राप्त टिकट चेकिंग राजस्व की तुलना में 27.01 प्रतिशत अधिक है। यह उत्कृष्ट प्रदर्शन पिछले सभी रिकॉर्डों को पार कर गया है। 63.50 करोड़ रूपए का यह राजस्व उत्तर पश्चिम रेलवे के पिछले उच्चतम वार्षिक राजस्व 63.22 करोड़ रूपए (वित्त वर्ष 2023-24) के आंकडे को 50 दिन पहले पार कर चुका है।

उत्तर पश्चिम रेलवे उत्कृष्टता और ग्राहक संतुष्टि के प्रति प्रतिबद्ध है। उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा बिना टिकट यात्रा की रोकथाम के लिए टिकट चेकिंग अभियान के साथ यात्रियों को जागरूक करने का प्रयास भी किया जा रहा है। टिकट चेकिंग के लिए विशेष योजना बनाई जाती है। इसके लिए विभिन्न रेलखण्डों में टिकटों की बिक्री, फील्ड स्टॉफ के फीडबैक तथा रेल मदद पोर्टल की समीक्षा कर टिकट चैकिंग की योजना बनाई जाती है। इस योजनाबद्ध टिकट चैकिंग से ना सिर्फ रेल राजस्व में वृद्धि हो रही है, बल्कि यात्रियों की शिकायतों में कमी और रेल उपयोगकर्त्ताओं की संतुष्टि में भी वृद्धि हो रही है।

उत्तर पश्चिम रेलवे पर टिकट चैकिंग को एक जागरूकता अभियान के रूप में लिया जाता है जिसमें रेल वन एप जैसे डिजीटल माध्यम से बिना किसी व्यवधान के टिकट लेने के लिए यात्रियों को प्रेरित भी किया जाता है। इस जागरूकता अभियान के फलस्वरूप ऑनलाइन टिकट बुकिंग में वृद्धि हो रही है। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे डिजीटल माध्यम से उचित टिकट लेकर निर्धारित स्थान पर बैठकर रेल यात्रा का आनन्द ले।