मंडलायुक्त के दौरे से पहले डीएम ने कलेक्ट्रेट का किया औचक निरीक्षण, साफ सफाई और पत्रावलियों को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश, आज हरदोई आएंगे आयुक्त

हरदोई। लखनऊ मंडल के मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत के प्रस्तावित निरीक्षण से एक दिन पहले जिलाधिकारी अनुनय झा ने कलेक्ट्रेट के विभिन्न अनुभागों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों में अभिलेखों के रखरखाव, रिकॉर्ड रूम की स्थिति और कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की।
जिलाधिकारी ने संग्रह अनुभाग, शस्त्र अनुभाग सहित अन्य पटलों का सघन निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि आमजन की शिकायतों और आवेदनों को लंबित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि सभी प्रार्थना पत्रों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा पत्रावलियों का सुव्यवस्थित संधारण किया जाए। कार्यालय परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कार्यों में लापरवाही या शिथिलता बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत मंगलवार सुबह 10 बजे जिलाधिकारी कार्यालय का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे से 2:30 बजे तक मंत्री के पूर्व दौरे के दौरान हुई कार्यवाहियों और लंबित बिंदुओं की समीक्षा करेंगे। दोपहर 3 बजे से 3:30 बजे तक जनपद में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) की समीक्षा प्रस्तावित है। इसके पश्चात शाम 4 बजे मंडलायुक्त द्वारा चयनित दो बड़ी परियोजनाओं का निरीक्षण किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व प्रियंका सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रफुल्ल त्रिपाठी, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट अरुणिमा श्रीवास्तव, पूनम भास्कर तथा प्रभारी जिला सूचना अधिकारी दिव्या निगम मौजूद रहीं।