हरदोई के पंचायत भवन में अश्लील डांस का वीडियो वायरल, जमकर हुई नोटों की बारिश, जिम्मेदारों पर उठे सवाल

हरदोई। शाहाबाद ब्लॉक के बिलहरी गांव से सरकारी व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्राम पंचायत भवन में बार बालाओं को बुलाकर अश्लील गानों पर डांस कराया गया और देर रात तक तेज डीजे के साथ कार्यक्रम चलता रहा। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान नोटों की बारिश भी की गई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जिम्मेदारों की मिलीभगत से ही सरकारी भवन का इस तरह दुरुपयोग किया गया। पंचायत भवन, जहां आमतौर पर विकास योजनाओं की बैठके होती हैं और जनसमस्याओं पर चर्चा कर समाधान निकाला जाता है, उसी परिसर में इस तरह का कार्यक्रम होना कई सवाल खड़े कर रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात तक तेज आवाज में डीजे बजता रहा और कार्यक्रम चलता रहा, लेकिन प्रशासन या जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। इससे सरकारी निगरानी और व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
वायरल वीडियो के बाद लोगों में नाराजगी है और मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है और यदि सरकारी भवन के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।