गाय को लाठी-डंडों से पीटकर पुलिया से नीचे फेंका, हिंदू संगठनों ने जताया आक्रोश

पीलीभीत। माधोटांडा थाना क्षेत्र में गौवंश के साथ क्रूरता का एक मामला सामने आया है। बरुआ फजुलागंज में दो ग्रामीणों ने एक गाय को लाठी-डंडों से पीटा और उसे पुलिया से नीचे गहरे पानी में फेंक दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है और हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दो व्यक्ति लाठियों से एक गाय पर लगातार हमला कर रहे हैं। गाय दर्द से कराह रही थी, लेकिन आरोपियों ने उस पर रहम नहीं किया। पिटाई के बाद उन्होंने गाय को घसीटकर पुलिया के ऊपर से नीचे पानी में धकेल दिया। इस अमानवीय कृत्य का वीडियो सार्वजनिक होते ही लोगों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग शुरू कर दी। वीडियो ने इस घटना की क्रूरता को उजागर किया, जिससे स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों में गुस्सा फैल गया।
घटना की जानकारी मिलते ही अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल (पूरनपुर इकाई) के कार्यकर्ता और पदाधिकारी आक्रोशित होकर माधोटांडा थाने पहुंचे। उन्होंने थाने का घेराव कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और नामजद आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। संगठन के पदाधिकारियों ने इस कृत्य को न केवल कानूनी अपराध बताया, बल्कि इसे करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं पर सीधा हमला भी करार दिया। इस दौरान ठाकुर शिवम सिंह भदौरिया, ठाकुर बृजेश सिंह तोमर, दीपू मौर्य, आकाश पांडे, देवांश चौहान सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी है। थाना अध्यक्ष अशोक पाल ने बताया कि घटना का संज्ञान लिया गया है और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें जेल भेजा जाएगा।