हरदोई के निर्मला वाटिका में युवक से मारपीट, पर्स व मोबाइल छीनने का आरोप, बचाने पहुंचे मामा का भी छीना मोबाइल, जान से मारने की दी धमकी

हरदोई। कोतवाली शहर क्षेत्र के मोहल्ला लक्ष्मीपुरवा स्थित निर्मला वाटिका में एक युवक से मारपीट कर उसका पर्स और मोबाइल छीन लेने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम सोहासा निवासी सचिन गुप्ता 6 फरवरी की शाम करीब 7 बजे अपने ननिहाल लक्ष्मीपुरवा आए थे। रात करीब 8 बजे उनके मामा का 11 वर्षीय पुत्र कृष्णा गुप्ता निर्मला वाटिका चला गया। काफी देर तक घर न लौटने पर सचिन उसे तलाशते हुए वाटिका पहुंचे।
आरोप है कि वहां मौजूद वाटिका संचालक और तीन-चार अज्ञात व्यक्तियों ने सचिन को पकड़ लिया और लात-घूंसों से मारपीट की। इस दौरान उनका पर्स और मोबाइल छीन लिया गया। पर्स में रखे करीब 1500 रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक कार्ड भी निकाल लिए गए।
मारपीट होते देख कृष्णा घर भाग गया और परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद सचिन के मामा विकास गुप्ता मौके पर पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर उनका मोबाइल छीन लिया और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित के अनुसार पुलिस ने सचिन का मोबाइल बरामद कर लिया है, लेकिन मामा का मोबाइल, पर्स और उसमें रखे दस्तावेज व रुपये अभी तक नहीं मिले हैं। पीड़ित ने पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर मेडिकल परीक्षण कराने और सामान वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।