हरदोई के बेनीगंज थाने में युवक से मारपीट के आरोप पर कार्रवाई, दारोगा और मुख्य आरक्षी निलंबित, थाने में अवैध रूप से बैठाकर किया था टॉर्चर

हरदोई। बेनीगंज थाने में एक युवक के साथ कथित मारपीट और थर्ड डिग्री के आरोपों के बाद पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने कड़ी कार्रवाई की है। मामले में उपनिरीक्षक देवेश शर्मा और मुख्य आरक्षी तेजवीर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच शुरू करा दी है।
पुलिस के अनुसार, थाना बेनीगंज में तैनात उपनिरीक्षक देवेश शर्मा और मुख्य आरक्षी तेजवीर सिंह पर एक व्यक्ति को अनाधिकृत रूप से थाने में बैठाकर मारपीट करने तथा अमर्यादित व्यवहार करने का आरोप लगा था। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया और विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
मामला कोतवाली क्षेत्र के शुक्लापुर निवासी 20 वर्षीय हरिओम शुक्ला से जुड़ा है। युवक का आरोप है कि एक महिला से फोन पर बातचीत को लेकर उसे ब्लैकमेल किया गया और पैसे न देने पर उसके खिलाफ थाने में झूठी शिकायत कर दी गई। इसके बाद उसे बेनीगंज कोतवाली बुलाया गया, जहां थर्ड डिग्री टॉर्चर और मानसिक उत्पीड़न किया गया।
पीड़ित का कहना है कि थाने में उससे पैसे की मांग की गई और इनकार करने पर उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया। बाद में उसे संडीला उपजिलाधिकारी के समक्ष पेश किया गया। वहीं, मामले में शामिल बताई जा रही महिला ने किसी भी तरह की बातचीत या रिकॉर्डिंग से इनकार करते हुए पूरे प्रकरण को साजिश बताया है।
एसपी ने घटना में शामिल दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है, और सभी पुलिसकर्मियों/अधिकारियों को कर्तव्यों के प्रति सजग रहने और लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।