आगामी होली त्यौहार के दौरान यात्रियों की सुविधा हेतु भारतीय रेल द्वारा रिकॉर्ड संख्या में होली स्पेशल ट्रेनों का परिचालन

आगामी होली त्यौहार के दौरान यात्रियों की सुविधा हेतु भारतीय रेल द्वारा रिकॉर्ड संख्या में होली स्पेशल ट्रेनों का परिचालन

आगामी होली त्यौहार के दौरान यात्रियों को सुगम, सुरक्षित एवं आरामदायक यात्रा सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से भारतीय रेल द्वारा इस वर्ष अपने नेटवर्क पर रिकॉर्ड संख्या में 1,410 से अधिक होली स्पेशल ट्रेनों का परिचालन करने की योजना बनाई गई है, जिसे बढ़ाकर लगभग 1500 ट्रेनों तक किया जाएगा। इन विशेष ट्रेनों का संचालन त्यौहार के दौरान यात्रियों की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए प्रमुख गंतव्यों के मध्य बेहतर एवं सुचारु संपर्क सुनिश्चित करने के लिए किया जा रहा है। ये विशेष ट्रेनें मुख्यतः मार्च माह में संचालित की जाएंगी। उल्लेखनीय है कि होली 2025 के दौरान कुल 1,144 स्पेशल ट्रेन फेरे संचालित किए गए थे।

क्षेत्रवार परिचालन के अनुसार मध्य रेलवे द्वारा 209, पश्चिम रेलवे द्वारा 231, पूर्व मध्य रेलवे द्वारा सर्वाधिक 285 तथा दक्षिण मध्य रेलवे द्वारा 160 होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इसी प्रकार उत्तरी रेलवे द्वारा 108 एवं उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा 71 स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा।

यात्रियों की सुविधा को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए उत्तर मध्य रेलवे द्वारा 66, उत्तर पूर्व रेलवे एवं पूर्व तटीय रेलवे द्वारा 62-62, दक्षिण पश्चिम रेलवे द्वारा 47 तथा पश्चिम मध्य रेलवे द्वारा 43 स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त दक्षिण रेलवे द्वारा 39, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा 15, कोंकण रेलवे द्वारा 9 तथा उत्तर-पूर्व सीमांत रेलवे द्वारा 2 स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय स्तर पर यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा किया जा सके।

भारतीय रेल प्रमुख त्यौहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है तथा यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करने हेतु आवश्यक कदम उठा रही है।