हरदोई में घर के बाहर खड़ी कार में लगाई आग, रंजिश में वारदात को दिया अंजाम, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के मंडी चौकी इलाके के मोहल्ला इंद्रानगर में घर के बाहर खड़ी एक कार में आग लगा दी गई। आग लगते ही कार धूं-धूं कर जलने लगी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक युवक बोतल में पेट्रोल लेकर आया और कार पर डालकर आग लगा दी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में कार पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। घटना को लेकर आसपास के लोगों में दहशत का माहौल रहा।
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में आग लगाते समय युवक ने अपने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था। हालांकि जांच के दौरान मिली सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध युवक को उसी रात हिरासत में ले लिया।
मोहल्ले के लोगों का आरोप है कि आरोपी युवक सनी, पुत्र भगवती प्रसाद, निवासी ग्राम म्योनी थाना सुरसा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुरानी रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिया गया। कुछ लोगों ने यह भी दावा किया कि आरोपी की पत्नी ने घटना को लेकर जानकारी दी है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है। अधिकारियों के अनुसार, साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।