हरदोई में महिला आरक्षी ने पंखे से फंदा लगाकर की आत्महत्या, लखनऊ के इंदिरानगर थाने में थी तैनात, 12 साल पहले की थी लव मैरिज

हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के आलूथोक मोहल्ले में एक महिला आरक्षी ने कमरे के पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार प्रीति सिंह (लगभग 34 वर्ष) पत्नी सौरभ श्रीवास्तव अपने घर में थीं। परिजनों ने बताया कि बुधवार शाम उन्होंने घर के काम निपटाए और अपनी सात महीने की बेटी को पति के पास छोड़कर कमरे में चली गईं। काफी देर तक बाहर न आने पर परिजनों ने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। बाद में खिड़की से झांककर देखा गया तो वह पंखे से फंदे पर लटकी मिली। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि मृतका पुलिस विभाग में आरक्षी के पद पर तैनात थी और वर्तमान में लखनऊ के इंदिरानगर थाने में नियुक्त थी। घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
परिजनों के अनुसार प्रीति ने करीब 12 वर्ष पहले सौरभ से प्रेम विवाह किया था। हाल ही में परिवार में देवर की शादी की तैयारियां चल रही थी, जिसके चलते वह छुट्टी पर घर आई थी। घर में शादी की खुशियों के बीच हुई इस घटना से मातम छा गया।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सुसाइड नोट नहीं मिला है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।