बाल्को सेक्टर-5 में फिर सिर उठा रहा अवैध कब्जा, नोटिस और सख्त हिदायतें भी बेअसर

CITIUPDATE NEWS-कोरबा बाल्को के सेक्टर-5 क्षेत्र में खाली पड़ी शासकीय/आरक्षित जमीन पर एक बार फिर अवैध कब्जे का खेल खुलेआम जारी है। धड़ल्ले से दुकानों का निर्माण किया जा रहा है, जिससे प्रशासन की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हैरानी की बात यह है कि कुछ माह पूर्व ही नगर निगम और जिला प्रशासन द्वारा यहां अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी किए गए थे और सख्त निर्देश दिए गए थे कि भविष्य में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं किया जाए।

इसके बावजूद वर्तमान में उसी खाली जमीन पर रातों-रात अवैध दुकानें खड़ी की जा रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य जानबूझकर देर रात या सुबह तड़के किया जाता है, ताकि प्रशासन और संबंधित विभागों की नजर न पड़े। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर यह अवैध निर्माण किसकी सहमति या संरक्षण में हो रहा है।
क्षेत्रवासियों में इस स्थिति को लेकर भारी रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि यदि प्रशासन द्वारा पहले ही कार्रवाई कर चेतावनी दी जा चुकी थी, तो फिर दोबारा अतिक्रमण कैसे पनप रहा है। इससे न केवल प्रशासनिक सख्ती की पोल खुलती है, बल्कि नियमों का पालन करने वाले नागरिकों के साथ अन्याय भी प्रतीत होता है।
यदि समय रहते इस अवैध निर्माण पर कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में यही अस्थायी दुकानें स्थायी रूप ले सकती हैं। सवाल बालको प्रबंधन के सुरक्षा कर्मियों पर भी उठने लगा है कि व्यापक निगरानी एवं अतिक्रमण रोकने के दावों के बीच एक बार फ़िर कैसे निर्माण किया जा रहा हैं.?