हरदोई में सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों पर कार्रवाई, भीम आर्मी के 35 नामजद व 90 अज्ञात पर FIR, सड़क जाम कर किया था प्रदर्शन

हरदोई। जिले के पिहानी थाना क्षेत्र के इटारा गांव में सोशल मीडिया पर डॉ. भीमराव आंबेडकर को लेकर की गई कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में सोमवार को भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर प्रदर्शन किया। आंबेडकर प्रतिमा के सामने इटारा-करावां रोड पर करीब दो घंटे तक जाम लगा रहने से यातायात बाधित हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई, जिससे स्कूली बच्चे, मरीज और आम लोग परेशान रहे।
बताया गया कि भीम आर्मी भारत एकता मिशन के तहसील अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार गौतम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दी। सूचना मिलते ही पिहानी पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने विरोध जारी रखा। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, जिससे मौके पर तनाव का माहौल बन गया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी कराई गई। बाद में पुलिस ने सड़क जाम करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और कानून व्यवस्था प्रभावित करने के आरोप में 35 नामजद और करीब 90 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
इससे पहले सांडी क्षेत्र में दलित युवक की मौत के बाद हुए हंगामे के मामले में भी पुलिस ने भीम आर्मी से जुड़े लोगों पर मुकदमा दर्ज किया था। पिहानी की इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर संगठन से जुड़े मामलों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने और सड़क जाम कर अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।