हरदोई में जहरीले पानी से तालाब की मछलियां मरी, डीसीएम शुगर मिल पर आरोप, किसानों में आक्रोश

हरदोई। हरियावां क्षेत्र के अरूआ गांव में डीसीएम शुगर मिल हरियावां से छोड़े गए जहरीले पानी के कारण एक तालाब में बड़े पैमाने पर मछलियों की मौत हो गई। इस घटना से ग्रामीणों और किसानों में भारी आक्रोश है। पीड़ित किसान ज्ञानेंद्र ने बताया कि उन्होंने अपनी पत्नी के नाम पर गंगहा तालाब का विधिवत पट्टा लेकर मत्स्य पालन शुरू किया था, लेकिन मिल से निकले गंदे और जहरीले पानी के तालाब में पहुंचने से उनकी सभी मछलियां मर गईं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
किसान ज्ञानेंद्र के अनुसार, जब वह तालाब पर पहुंचे तो पानी की सतह पर मरी हुई मछलियां तैरती दिखाई दी। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि शुगर मिल द्वारा चोरी-छिपे गंदा और रसायनयुक्त पानी खेतों और तालाबों में छोड़ा जा रहा है, जिससे पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है।
सूचना मिलने पर किसान नेता सत्यवीर सिंह रिंकू भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी पुलिस व प्रशासन को दी। किसानों ने आरोप लगाया कि मिल प्रबंधन की लापरवाही के कारण न सिर्फ मछलियों की मौत हुई है, बल्कि गौवंश और अन्य पशुओं के लिए भी खतरा पैदा हो गया है। जहरीले पानी से गांव में बीमारियां फैलने की आशंका भी जताई जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी मिल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पीड़ित किसान ज्ञानेंद्र ने अपने नुकसान की भरपाई कराए जाने की मांग की है। प्रशासनिक स्तर पर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।