हरदोई में तेज रफ्तार बस कंटेनर से टकराकर पलटी, चालक की मौत, सात यात्री गंभीर घायल

हरदोई। कछौना थाना क्षेत्र के कटियामऊ गांव के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार प्राइवेट बस सामने चल रहे कंटेनर से टकरा गई, जिसके बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और यातायात कुछ समय के लिए पूरी तरह बाधित हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही कछौना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना भिजवाया गया।
मृतक बस चालक की पहचान 45 वर्षीय राजू उर्फ गोपाल पुत्र रामपाल निवासी ग्राम जूरा, थाना सुरसा, जनपद हरदोई के रूप में हुई है। बताया गया कि वह वर्तमान में मोहल्ला आजादनगर, थाना कोतवाली शहर में रह रहा था। सीएचसी कछौना में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है और उनकी हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि कटियामऊ के पास प्राइवेट बस ने कंटेनर में टक्कर मार दी थी, जिससे बस पलट गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात को सुचारू करा दिया गया।
पुलिस ने मृतक चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।