झूठे मुकदमे और साज़िश का आरोप, प्रकाश शर्मा व पत्नी पर सोनिया सिंह ने लगाए गंभीर आरोप

वृन्दावन । मोहिनी नगर कॉलोनी निवासी सामाजिक कार्यकर्ता सोनिया सिंह इन दिनों थाना वृन्दावन में उनके खिलाफ दर्ज एक मुकदमे को लेकर गहरी पीड़ा में हैं। सोनिया सिंह ने स्वयं पर लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से नकारते हुए इसे उनकी सामाजिक छवि को धूमिल करने की साज़िश बताया है।

सोनिया सिंह ने आयोजित एक पत्रकार वार्ता में बताया कि बीती 17 जनवरी को मोहिनी नगर निवासी प्रकाश शर्मा ने थाना वृन्दावन में एक मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें 6 लोगों को नामजद और आधा दर्जन अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया। इस एफआईआर में प्रकाश शर्मा ने सोनिया सिंह को भी नामजद करते हुए गंभीर आरोप लगाए थे।

पत्रकारों से बातचीत में सोनिया सिंह ने कहा कि घटना के दिन वह वृन्दावन में मौजूद ही नहीं थीं, बल्कि खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए बाहर गई हुई थीं। उन्होंने दावा किया कि उनके पास इससे संबंधित साक्ष्य भी उपलब्ध हैं।

सोनिया सिंह ने आरोप लगाया कि प्रकाश शर्मा और उसकी पत्नी द्वारा समय-समय पर उन पर और अन्य लोगों पर झूठे आरोप लगाकर फँसाने का प्रयास किया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि वह मोहिनी नगर कॉलोनी में गरीब, असहाय और वंचित तबके की आवाज़ उठाने तथा सामाजिक कार्यों में सहयोग करने का कार्य करती हैं, जिससे कुछ लोग असहज महसूस करते हैं।

उन्होंने एक हालिया घटना का ज़िक्र करते हुए बताया कि बीते शुक्रवार पूर्वाह्न मोहिनी नगर कॉलोनी में कुएँ से जुड़ी समस्या को लेकर वह वृन्दावन के नगर निगम कार्यालय अपर नगर आयुक्त से शिकायत करने पहुँची थीं। उसी दौरान थाना वृन्दावन से पुलिसकर्मी वहाँ पहुँचे और उनसे उनकी कार की तलाशी लेने को कहा। पुलिस ने बताया कि कंट्रोल रूम से उनकी गाड़ी में अवैध हथियार होने की सूचना मिली थी।

हालाँकि तलाशी के दौरान सोनिया सिंह की गाड़ी से कोई भी आपत्तिजनक या अवैध वस्तु बरामद नहीं हुई, जिसके बाद पुलिस को बैरंग लौटना पड़ा। सोनिया सिंह ने इस पूरे घटनाक्रम के पीछे भी प्रकाश शर्मा और उसकी पत्नी की भूमिका होने का आरोप लगाया।

सोनिया सिंह ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की माँग करते हुए कहा कि बार-बार इस तरह की झूठी शिकायतों और मुकदमों के जरिए उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि सच्चाई सामने आएगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी।